उन्नाव
संवाददाता क्राईम प्यार में टूटा 18 साल का दिल, फंदे से झूल गया अनूराग उपशीर्षक: “मैं हर जगह से हार चुका हूं… प्रेमिका पर दबाव न डालें” — आखिरी खत में छलका दर्द क्राइम स्टोरी
“मैं हर जगह से हार चुका हूं… प्रेमिका पर दबाव न डालें” आखिरी खत में छलका दर्द

उन्नाव। अजगैन थाना क्षेत्र के महीपतखेड़ा गांव में रविवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां प्रेम प्रसंग में आहत एक 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। युवक का शव घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की खबर फैलते ही गांव में सनसनी फैल गई और परिवार में कोहराम मच गया।
मृतक की पहचान गांव निवासी दयाराम के पुत्र अनूराग (18) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार रविवार दोपहर करीब एक बजे घर के अंदर कमरे में अनूराग का शव फांसी के फंदे से लटका मिला। परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना डायल 112 और स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अजगैन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मौके की तलाशी के दौरान पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें अनूराग ने अपने टूटे दिल और गहरी निराशा का जिक्र करते हुए कई भावुक बातें लिखी हैं। उसने अपने माता-पिता से माफी मांगते हुए लिखा कि वह जीवन में हर जगह से हार चुका है और अब इस दर्द के साथ जी पाना उसके लिए संभव नहीं है।
सुसाइड नोट में उसने यह भी लिखा कि उसकी मौत के लिए कोई भी जिम्मेदार नहीं है और उसकी प्रेमिका पर किसी प्रकार का दबाव न डाला जाए। अपने आखिरी खत में अनूराग ने कुछ भावुक पंक्तियां भी लिखीं—
“ना चांद अपना था, ना तू अपना था,
काश दिल भी समझ लेता कि सब सपना था।”
इसके साथ ही अंग्रेजी में “I will always yours” लिखकर उसने अपने जज्बात व्यक्त किए।
घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी और मामले के सभी पहलुओं की जांच जारी है।



