ताजा खबर

स्मार्ट मीटर के बढ़े बिलों से उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन

उन्नाव संवाददाता

स्मार्ट मीटर के बढ़े बिलों से उपभोक्ताओं का फूटा गुस्सा, डीएम दफ्तर पर प्रदर्शन

 

उन्नाव। स्मार्ट बिजली मीटर लगने के बाद बढ़े बिलों से परेशान उपभोक्ताओं का आक्रोश शनिवार को सड़कों पर दिखा। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिकायत दर्ज कराई।

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि स्मार्ट मीटर लगते ही बिजली बिल कई गुना बढ़ गए हैं, जिससे आम परिवारों की कमर टूट गई है। उन्होंने बिलों की जांच कर संशोधन कराने की मांग की।

डीएम कार्यालय पहुंचे एक उपभोक्ता ने बताया कि नियमित बिल जमा करने के बावजूद एक कर्मचारी ने मीटर बदलने के नाम पर 20 हजार रुपये की मांग की। पैसे न देने पर स्मार्ट मीटर में कथित गड़बड़ी कर दी गई, जिसके बाद हर महीने 4 से 6 हजार रुपये तक का बिल आने लगा, जबकि बिजली खपत पहले जैसी ही है।

वहीं उम्मीदनगर निवासी एक बैटरी रिक्शा चालक ने बताया कि पहले उनके घर का बिजली बिल 200-250 रुपये आता था, लेकिन स्मार्ट मीटर लगने के बाद यह बढ़कर 2600 से 3500 रुपये तक पहुंच गया। आर्थिक तंगी के चलते बिल जमा न कर पाने पर विभाग ने उनका बिजली कनेक्शन भी काट दिया।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। बढ़े बिलों से परेशान गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों में बिजली विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button