
गोसाईखेड़ा में रात के अंधेरे में जेसीबी डंपरों से अवैध खनन, प्रशासन मौन
असोहा/उन्नाव। पुरवा तहसील के अंतर्गत असोहा थाना क्षेत्र के गोसाईखेड़ा गांव में इन दिनों बड़े पैमाने पर अवैध खनन होने की चर्चा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रात का मौका देखकर जेसीबी मशीन और डंपरों से मिट्टी का खनन किया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि अंधेरा होते ही जेसीबी से तेजी से खुदाई शुरू कर दी जाती है और मिट्टी से भरे डंपर लगातार क्षेत्र से निकलते रहते हैं। भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़कों को नुकसान पहुंचने के साथ दुर्घटना का खतरा भी बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस अवैध खनन की जानकारी होने के बावजूद जिम्मेदार विभाग की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे खनन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर जेसीबी और डंपरों से हो रहे अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाई जाए, ताकि सरकारी जमीन और पर्यावरण को नुकसान से बचाया जा सके।



