ताजा खबर

उन्नाव बीघापुर

हर्षित त्रिपाठी

एक क्लिक की गलती और मौत से सामना, शारदा नहर के नाले में जा अटकी कार

उन्नाव के बीघापुर थाना क्षेत्र में मोबाइल लोकेशन के भरोसे सफर कर रहे कार सवारों की एक छोटी सी गलती उन्हें मौत के मुहाने तक ले गई। गलत लोकेशन के कारण कार कच्चे रास्ते पर पहुंच गई और लौटते समय शारदा नहर के पास बने नाले में जा अटकी। गनीमत रही कि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बच गए और एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार बारासगवर थाना क्षेत्र के भगवंतखेड़ा में एक निमंत्रण कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे कार सवार मोबाइल लोकेशन के आधार पर रास्ता तय कर रहे थे। इसी दौरान गलत लोकेशन मिलने के कारण वे बीघापुर के भगवंतखेड़ा की ओर गलत मार्ग पर पहुंच गए।

कार चालक संदीप कुमार और सुनील कुमार ने बताया कि उन्होंने कार में भगवंतखेड़ा की लोकेशन डाली थी, जो लाल कुआं से लगभग एक किलोमीटर की दूरी दिखा रही थी। इसी आधार पर वे आनंदी मंदिर के पास से एक कच्चे रास्ते पर मुड़ गए।

आगे बढ़ने पर उन्हें पता चला कि रास्ता पूरी तरह कच्चा है और नाले के किनारे-किनारे बना हुआ है। कुछ दूरी आगे जाने के बाद पता चला कि आगे केवल पैदल जाने का रास्ता है। कार को वापस मोड़ते समय वाहन का संतुलन बिगड़ गया और बीघापुर से रूदई जाने वाले मार्ग पर शारदा नहर के पास कार नाले में जा अटक गई।

घटना के समय आसपास मौजूद राहगीरों ने तत्काल मदद की, जिससे कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। बाद में सुबह हाइड्रा मशीन मंगवाकर कार को नाले से बाहर निकाला गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि बीघापुर से रूदई तक जाने वाला यह मार्ग कच्चा है और नाले के किनारे बना हुआ है। यहां किसी प्रकार की सुरक्षा व्यवस्था या चेतावनी संकेत नहीं लगे हैं, जिससे अक्सर हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग को सुरक्षित बनाने और पक्की सड़क बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button