ताजा खबर

लखनऊ मोहलालगंज

विपिन शर्मा

मोहनलालगंज में सनसनी 17 वर्षीय बेटे ने डंडे से वार कर पिता की हत्या की

घरेलू विवाद बना खौफनाक वारदात का कारण, घटना के बाद नाबालिग आरोपी फरार

पुलिस की बाईट :

लखनऊ। मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के खुजेहटा गांव में रविवार को घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जब एक 17 वर्षीय बेटे ने अपने ही पिता की डंडे से प्रहार कर हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपी पुत्र फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

जानकारी के अनुसार रविवार करीब 11:30 बजे ग्राम खुजेहटा के ग्राम प्रधान शंकर यादव ने मोहनलालगंज थाने पर सूचना दी कि गांव निवासी रामकरन रावत (45) पुत्र नवमी लाल की उसके ही बेटे लव कुश (17) ने डंडे से सिर पर वार कर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची।

मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि रामकरन रावत का शव घर के बाहर पड़ा हुआ था और आसपास परिवारजन व ग्रामीणों की भीड़ लगी हुई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद के दौरान बेटे लव कुश ने अपने पिता के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के बाद आरोपी लव कुश मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर अपर पुलिस उपायुक्त दक्षिणी सहित थाना प्रभारी मोहनलालगंज पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। वहीं फॉरेंसिक टीम को भी बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

बताया गया कि मृतक की पत्नी इस समय अपने मायके गई हुई है। मृतक के दो पुत्र हैं, जिनमें बड़ा पुत्र लव कुश (17) और छोटा पुत्र विशाल रावत (15) है। रामकरन रावत खेती-किसानी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से तहरीर प्राप्त कर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी की जा रही है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button