ताजा खबर

दबंगों के आगे रहीमाबाद पुलिस बेबस! जान बचाने को रिश्तेदारों के यहां छिपने को मजबूर पीड़ित लखनऊ

संवाददाता

दबंगों के आगे रहीमाबाद पुलिस बेबस! जान बचाने को रिश्तेदारों के यहां छिपने को मजबूर पीड़ित

घर में घुसकर धारदार हथियार से हमला, मुकदमा दर्ज होने के बाद भी दबंग खुलेआम दे रहा जान से मारने की धमकी

पीड़ित की बाईट :

लखनऊ। रहीमाबाद थाना क्षेत्र में दबंगों के हौसले इतने बुलंद हैं कि पुलिस कार्रवाई के बावजूद पीड़ित परिवार खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। दबंगों की धमकियों से भयभीत पीड़ित को अपनी जान बचाने के लिए रिश्तेदारों के यहां शरण लेनी पड़ रही है।

पीड़ित रिहान पुत्र सुल्तान के अनुसार क्षेत्र के दबंग सत्तार पर पहले से ही दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं और उसकी दबंगई से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। आरोप है कि बीती 19 फरवरी को सत्तार अपने साथी जब्बार, रियासत, सराफत, सुफियान और नावेद सहित करीब एक दर्जन लोगों के साथ रिहान के घर में घुस आया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस दौरान घर में मौजूद बुजुर्ग महिला और पुरुषों सहित कई लोगों को बेरहमी से पीटा गया, जिससे उनके सिर फूट गए और हाथ-पैर तक टूट गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए रहीमाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक ने सत्तार समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 191(2), 191(3), 333, 115(2) और 352 के तहत मुकदमा दर्ज किया। लेकिन मुकदमा दर्ज होने के बाद भी दबंगों के हौसले कम होने के बजाय और बढ़ते नजर आ रहे हैं।

पीड़ित का आरोप है कि 4 मार्च को सत्तार कमर में अवैध असलहा लगाकर उसके घर की ओर आया और धमकी देते हुए कहा कि अगर मुकदमे में समझौता नहीं किया तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। पीड़ित ने इस घटना का वीडियो बनाकर थाना प्रभारी निरीक्षक रहीमाबाद को शिकायत दी, लेकिन आरोप है कि पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

ऐसे में बड़ा सवाल यह उठता है कि आखिर दर्जनों मुकदमों में नामजद दबंग पर कार्रवाई करने से पुलिस क्यों बच रही है। क्या दबंग अपने रसूख के दम पर पुलिस पर भारी पड़ रहा है? फिलहाल दबंग की धमकियों से डरा सहमा पीड़ित परिवार अपनी सुरक्षा के लिए रिश्तेदारों के यहां रहने को मजबूर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button